41 लाख संक्रमित: तुर्की में पहली बार वृद्ध लोगों को घर से निकलने की अनुमति दी गई

दुनिया में संक्रमितों की संख्या 41 लाख से ज्यादा हो गई है। 2 लाख 80 हजार 431 की मौत हुई है। इसी दौरान 14 लाख 41 लाख हजार 429 स्वस्थ भी हुए।तुर्की में पहली बार वृद्ध लोगों को घर से निकलने की अनुमति दी गई है। ये लोग सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक ही बाहर निकल सकेंगे। सरकार ने 21 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस दौरान 65 साल से ऊपर की उम्र के किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। यहां संक्रमण के एक लाख 37 हजार 115 मामले सामने आ चुके हैं और 3739 लोगों की मौत हो चुकी है।

जॉर्जिया में उद्योग-धंधों को खोलने की इजाजत
कोरोनावायरस के कारण दुनियाभर के देशों में लॉकडाउन था। लेकिन, अब कई देशों में पाबंदियों में ढील दी जा रही है। अमेरिका के जॉर्जिया में गैर जरूरी उद्योग-धंधों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। यूरोपियन देश नॉर्वे में स्कूल खुल गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डन ने कोरोना पर जीत की घोषणा कर चुकी हैं। यहां लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जा रहा है। यूरोप के कुछ अन्य देश भी धीरे-धीरे लॉकडाउन में ढील देने पर विचार कर रहे हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 13,47,309 80,037 2,38,078
स्पेन 2,62,783 26,478 1,73,157
इटली 2,18,268 30,395 1,03,031
ब्रिटेन 2,15,260 31,587 उपलब्ध नहीं
रूस 1,98,676 1,827 31,916
फ्रांस 1,76,658 26,310 56,038
जर्मनी 1,71,324 7,549 1,43,300
ब्राजील 1,56,061 10,656 61,685
तुर्की 1,37,115 3,739 89,480
ईरान 1,06,220 6,589 85,064

ये आंकड़ेhttps://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

अपडेट्स

  • रूस की राजधानी मास्को में कोरोना मरीजों के एक हॉस्पिटल में आग लग गई। हादसे में एक मरीज की जलकर मौत हो गई।
  • पोप फ्रांसिस ने यूरोप के नेताओं को कोरोनावायरस की लड़ाई में साथ आने के लिए कहा है। उन्होंने शूमैन डिक्लेरेशन की 70वीं वर्षगांठ मनाई। इस दिन फ्रांस के विदेश मंत्री रॉबर्ट शूमाँ ने कोयला और स्टीम उत्पादन में सहयोग के लिए जर्मनी और फ्रांस के लिए एक योजना घोषित की। यहीं से यूरोपीय एकता की नींव पड़ी थी।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अब ‘स्टे होम’ नारे की जगह ‘स्टे अलर्ट’ का इस्तेमाल करन की तैयारी में हैं। हालांकि, स्कॉटलैंड इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं। स्कॉटलैंड में 28 मई तक लॉकडाउन और बढ़ाया गया है।

अमेरिका : 25 हजार नए मामले
शनिवार को यहां 25 हजार नए मामले सामने आए। देश में कुल मामले अब 13 लाख 9 हजार 550 हो गए हैं। करीब 79 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 1615 लोगों ने दम तोड़ा। सभी 50 राज्यों तक संक्रमण फैल चुका है। व्हाइट हाउस से जुड़े तीन बड़े अधिकारियों को क्वारैंटाइन में भेज दिया गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हालात से निपटने में अपनाई गई रणनीति पर ट्रम्प प्रशासन की आलोचना की है।

सिंगापुर : फिर बढ़े मामले
यहां संक्रमण पर अब तक पूरी तरह काबू नहीं किया जा सका है। सरकार ने लॉकडाउन में भले ही ढील दी हो लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और बाकी बंदिशें जारी हैं। इसके बावजूद 24 घंटे में 876 मामले सामने आए। कुल संख्या 23 हजार 336 हो गई। हालांकि, अब भी डोरमेट्रीज में रहने वाले प्रवासी मजदूर ही पाए जा रहे हैं। शनिवार को मिले कुल मामलों में सिर्फ 3 ही स्थानीय नागरिकों के हैं।

यूएई: 88 भारतीय नर्सों का बैच पहुंचा
यूएई की मदद करने के लिए भारत से 88 नर्सों का बैच पहुंच गया है। यहां पर संक्रमण के अबतक 17 हजार मामले सामने आ चुके हैं। यूएई में मेडकिल वर्कर्स की भारी कमी है, इसके चलते भारत ने मदद मुहैया कराई है।
ईरान: संक्रमण के डर से अमेरिका के साथ कैदियों की अदला-बदली को तैयार
कोरोनावायरस के संक्रमण के डर से ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ बिना शर्त कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार है। ईरान की एक न्यूजवेबसाइट खैबरऑनलाइन.आईआर ने कैबनिट प्रवक्ता अली रबेई के हवाले सबे बताया है कि ईरान सभी कैदियों की अदला-बदली को तैयार है, लेकिन अमेरिका ने अभी तक कोई उत्तर नहीं दिया है।

चीन : वुहान में फिर संक्रमण
वुहान शहर रविवार को एक बार फिर चर्चा में आ गया। करीब 45 दिन बाद यहां संक्रमित मिला। प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि की। इस संक्रमित की हालत गंभीर बताई गई है। उसकी पत्नी भी पॉजिटिव है। जिस क्षेत्र में यह संक्रमित मिला, वहां पहले भी 20 केस सामने आए थे। शहर के हेल्थ कमिश्नर ने कहा, “यह पुराने सामुदायिक संक्रमण का नतीजा है।” कुल मिलाकर पांच नए संदिग्ध पाए गए हैं। लेकिन, पुष्टि सिर्फ दो की हुई है। वुहान में 76 दिन लॉकडाउन रहा था। यहां कुल 50 हजार 334 मामले सामने आ चुके हैं।

वुहान के एक अस्पताल में संक्रमित की रिपोर्ट देखता मेडिकल स्टाफ। शहर में करीब 45 दिन बाद नया मामला सामने आया है। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने इसकी पुष्टि की।

ब्रिटेन : टेस्ट में अमेरिकी मदद
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के हेल्थ डिपार्टमेंट ने 50 हजार सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजे हैं। इसकी वजह ऑपरेशनल इश्यूज बताई गई है। डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड सोशल केयर ने कहा- सरकारी लैबों में कुछ दिक्कतें पेश आईं थी। इसलिए, हमने करीब 50 हजार सैम्पल जांच के लिए अमेरिका भेजे हैं। विभाग के प्रवक्ता ने कहा, “हमने इन परेशानियों से निपटने के लिए योजना तैयार रखी थी। इसलिए सैम्पल अमेरिका भेजे गए हैं। क्वॉलिटी से समझौता नहीं किया जा सकता।”

शनिवार को लंदन की एक सड़क से गुजरते लोग। कोरोना से जूझते ब्रिटेन के सामने एक नई दिक्कत आ गई है। यहां के सरकारी लैब्स में टेस्टिंग पूरी तरह नहीं हो पाई। 50 हजार सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजे गए हैं।

साउथ कोरिया : सियोल फिर बंद
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में पिछले दिनों लॉकडाउन में ढील दी गई थी। नाइट क्लब, होटल, बार और डिस्को खुल गए थे। अब यहां संक्रमण के नए मामलों का पता लगा है। इसके फौरन बाद सरकार ने इन सभी जगहों को अगले आदेश तक के लिए फिर बंद कर दिया है। एक अधिकारी ने माना कि कुछ लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। इसकी वजह से सभी को परेशानी होगी।

दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में सरकार को लॉकडाउन में ज्यादा ढील देना भारी पड़ गया। यहां होटल, बार और नाइट क्लब्स में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। नए मामले सामने आए तो सरकार ने यह छूट फौरन वापस ली और इन सभी जगहों को अगले आदेश तक फिर बंद कर दिया। तस्वीर शुक्रवार को सियोल के एक बाजार की है। यहां लोग मास्क तो लगाए हैं लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे।

चीन : 14 नए मामले
नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, शनिवार को देश में 14 नए मामले सामने आए। 28 अप्रैल के बाद एक दिन में सामने आए पॉजिटिव मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। शुक्रवार को 13 नए केस मिले थे। शनिवार को मिले 14 में से 2 संक्रमित ऐसे हैं जो दूसरे देश से चीन लौटे थे। जुलिन प्रांत में 11 मामले सामने आए। सरकार अब इस राज्य पर पैनी नजर रख रही है। यहां पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।

चीन में शनिवार को 14 पॉजिटिव मामले सामने आए। इनमें से सिर्फ दो संक्रमित ऐसे हैं जो दूसरे देश से चीन पहुंचे। यहां ज्यादातर स्कूल फिर शुरू हो गए हैं। शनिवार को शेंडोंग राज्य के यांतेई स्कूल की छात्राएं होस्टल जाती हुईं।

जर्मनी : लॉकडाउन का विरोध
देश के तीन बड़े शहरों बर्लिन, म्यूनिख और फ्रेंकफर्ट में शनिवार को कुल मिलाकर करीब 10 हजारो लोगों ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को फूल देकर उनका व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए शुक्रिया अदा किया। लोगों का कहना है कि सरकार हर महीने लॉकडाउन बढ़ाने की बजाए दूसरे विकल्प खोजे ताकि वे खुली हवा में सांस ले सकें। कुछ लोगों के मुताबिक, सोशल डिस्टेंसिंग संक्रमण से बचने का सबसे सरल उपाय है।

जर्मनी में लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। यहां लोगों का कहना है कि सरकार लॉकडाउन लगाकर कारोबार बंद करने के बजाए इसके विकल्प खोजे। शनिवार को बर्लिन में ऐसे ही एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी को फूल देती महिला।

ब्राजील : मुश्किल बढ़ी
यहां सरकार और खास तौर पर राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने संक्रमण को गंभीरता से नहीं लिया। चेतावनी देने वाले अपने सहयोगी को ही हटा दिया। अब मौतों का आंकड़ा 10 हजार के पार हो गया है। एक लाख 56 हजार लोग संक्रमित हैं। इसके बावजूद सरकार ने कड़े कदम नहीं उठाए हैं। करीबी देश वेनेजुएला और अमेजन जनजातियों तक संक्रमण फैल चुका है। डब्लूएचओ ने भी पत्र लिखा। लेकिन, सरकार अब तक पाबंदियां नहीं लगा पाई है।

ब्राजील में मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा हो गया है। डेढ़ लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। शुक्रवार को रियो डि जेनेरियो में एक संक्रमित की मौत के बाद उसे दफनाया गया। इस दौरान मौजूद उसका परिवार।

ब्रिटेन : सरकार की पहल
बोरिस जॉनसन सरकार ने सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए एक नई पहल की है। सरकार यहां साइकल से चलने के लिए जागरुकता अभियान चलाएगी। इसके लिए 2.48 करोड़ डॉलर का बजट मंजूर किया गया है। परिवहन मंत्री ग्रांट शेप्स ने कहा- इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मदद मिलेगी। वहां भीड़ कम होगी और लोग शारीरिक तौर पर ज्यादा मजबूत होंगे।

अमेरिका : दो अफसर क्वारैंटाइन
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना से निपटने के लिए टास्क फोर्स बनाई थी। इसके दो अफसर अब क्वारैंटाइन हो गए हैं। डॉक्टर रॉबर्ट रेडपील्ड सीडीएस के डायरेक्टर हैं। वो दो हफ्ते घर से काम करेंगे। वो एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। इनके अलावा एफडीए कमिश्नर स्टीफन हान भी दो हफ्ते के लिए क्वारैंटाइन हो गए हैं। हालांकि, उनकी पहली टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।

राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ शुक्रवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत करते सीडीएस डायरेक्टर रॉबर्ट रेडफील्ड। रॉबर्ट एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। इसके बाद वो शनिवार को दो हफ्ते के लिए क्वारैंटाइन हो गए।

पाकिस्तान : संक्रमण बढ़ा, लेकिन लॉकडाउन में ढील
यहां 27 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। 700 की मौत हो चुकी है। लेकिन, सरकार ने लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दी है। शनिवार से देश के ज्यादातर हिस्सों में दुकानें और फैक्ट्रियां खुल गईं। डॉक्टर्स एसोसिएशन ने सरकार को चेताया भी था। लेकिन, उनकी सलाह और मांग पर प्रधानमंत्री इमरान ने कोई ध्यान नहीं दिया। हालांक, रविवार को सरकार ने कहा कि 31 मई तक सोशल डिस्टेसिंग के नियम लागू रहेंगे। यहां एक दिन के संक्रमण के रिकॉर्ड 1991 मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमण के कुल 29 हजार मामले आ चुके हैं।

बांग्लादेश: एक दिन में रिकॉर्ड 887 मामले आए
बांग्लादेश में एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड 887 मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है। बांग्लादेश में अब तक कुल 14 हजार 657 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

तुर्की के इस्तांबुल में ग्रांड बाजार को डिसइन्फेक्ट करते हुए जब मेडकिल वर्कर थक गए तो वह आराम करने लगे। यह बाजार 21 मार्च से बंद है। बाजार को 1 जून से खोलने की तैयारी है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts