महाराष्ट्र में 20 हजार के करीब संक्रमित, देश में दो हजार के पास पहुंचा मौत का आंकड़ा; जानें सभी राज्यों का हाल – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

नई दिल्ली, जेएनएन। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 20 हजार के पास पहुंच गई है। शनिवार को लगातार चौथे दिन एक हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में 95 लोगों की मौत हुई है और 3,320 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 1,981 और संक्रमितों की संख्या 59,662 हो गई है। जबकि, 17,846 लोग अभी तक पूरी तरह से स्वस्थ भी हुए हैं। लेकिन इस आंकड़े में शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह आठ बजे तक के मामले शामिल हैं। 

शनिवार को देश में कुल 95 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 48, गुजरात में 23, बंगाल में 11, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में चार-चार और पंजाब व मध्य प्रदेश में दो-दो मौतें शामिल हैं। गुजरात में जो 23 मौतें हुई हैं, उनमें से 20 सिर्फ अहमदाबाद में हुई हैं।

महाराष्ट्र में लगातार चौथे दिन हजार से ज्यादा मामले

महाराष्ट्र में लगातार चौथे दिन हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। शनिवार को मिले 1,165 नए केस के साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 19,063 हो गई है। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा भी 731 हो गया है।

राजधानी दिल्ली में 224 नए मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 224 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 6,542 हो गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से राजधानी में लगातार ज्यादा मामले सामने आ रहे थे, उसकी तुलना में शनिवार को कम केस मिले, जो राहत की बात है।

अहमदाबाद में हालात चिंताजनक

गुजरात में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लेकिन ज्यादातर मामले राजधानी अहमदाबाद में ही मिल रहे हैं। शनिवार को राज्य में 394 नए मामले सामने आए, जिसमें से अहमदाबाद में ही 380 मामले थे। कुल संक्रमितों की दो तिहाई अहमदाबाद में ही है। अब तक राज्य में 7,797 लोग संक्रमित हुए हैं, जिसमें अहमदाबाद में ही 5,540 मामले हैं।

तमिलनाडु में भी संक्रमण पर काबू नहीं

पिछले कुछ दिनों से तमिलनाडु में नए मामलों में जो तेजी आई है वो बनी हुई है। राज्य में और 526 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,535 हो गई है।

अगर हम सिर्फ महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और दिल्ली की बात करें तो नए मामलों में 80 फीसद से ज्यादा मामले सिर्फ इन्हीं चार राज्यों में मिले हैं। अगर कुल संक्रमितों के लिहाज से देखें तो इन चार राज्यों में 65 फीसद से ज्यादा मामले हैं।

बंगाल में मृतकों की संख्या 100 के करीब

बंगाल में भी कोरोना से हालात बदतर होते जा रहे हैं। अब तक 99 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। शनिवार को 108 पॉजिटिव केस मिले और संक्रमितों की संख्या 1,786 हो गई। ओडिशा में भी 24 नए मामले मिले हैं और आंकड़ा 294 पर पहुंच गया है।

आंध्र प्रदेश-कर्नाटक में भी बढ़े केस

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन स्थिति काबू में नजर आ रही है। आंध्र प्रदेश में 43 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 1,930 हो गई है, जबकि 41 नए केस के साथ कर्नाटक में 794 संक्रमित हो गए हैं। केरल में जरूर मामले थम गए हैं। सिर्फ दो नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 505 हो गई।

मध्य प्रदेश-राजस्थान में स्थिति नाजुक

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। नए मामलों में कमी नहीं आ रही है। मध्य प्रदेश में और 53 नए मरीज मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 3,408 हो गई है। जबकि, 76 नए केस के साथ राजस्थान में भी मरीजों का आंकड़ा 3,665 पर पहुंच गया है।

इसी तरह पंजाब में 28, चंडीगढ़ में 20 और जम्मू-कश्मीर में 13 नए केस मिले हैं और इन राज्यों में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 1,779, 168 और 836 हो गई है।

देश में कुल संक्रमित

राज्य                        संक्रमित

महाराष्ट्र –                   20,228

गुजरात –                   7,797

दिल्ली –                     6,542

तमिलनाडु –               6,535

राजस्थान –                3,665

मध्य प्रदेश –              3,408

उत्तर प्रदेश –             3,214

आंध्र प्रदेश –             1,930

पंजाब –                    1,779

बंगाल –                    1,786

तेलंगाना –                 1,132

जम्मू-कश्मीर –           836

कर्नाटक –                 794

हरियाणा –                 647

बिहार –                    563

केरल –                     505

ओडिशा –                 294

चंडीगढ़ –                 168

झारखंड –                 133

त्रिपुरा –                     64

उत्तराखंड –                68

छत्तीसगढ़ –                59

असम –                     59

हिमाचल प्रदेश –         52

लद्दाख –                    45

अंडमान-निकोबार –    33

मेघालय –                  13

पुडुचेरी –                   11

गोवा –                       7

मणिपुर –                   2

मिजोरम –                  1

अरुणाचल –               1

Posted By: Dhyanendra Singh

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts