अब तक 1 लाख 75 हजार मौतें: डब्लूएचओ ने फिर कहा- चीन में चमगादड़ों से फैला कोरोनावायरस, इसको लैब में डेवलप करने के सबूत नहीं

कोरोनावायरस से दुनिया में अब तक एक लाख 75हजार 447 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के 25 लाख 36 हजार 236 मामले हैं। वहीं, छह लाख 81 हजार 186 ठीक हो चुके हैं। डब्लूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन)ने मंगलवार को फिर कहा कि चीन में पिछले साल चमगादड़ों से कोरोनावायरस फैला था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मुताबिक वो एक आदेश पारित करने जा रहे हैं जिससे अमेरिका में इमीग्रेशन पर रोक लगाई जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। खान 15 अप्रैल को ईधी फाउंडेशन के अधिकारी से मिले थे। बाद में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 8 लाख 4 हजार 759 43 हजार 995 81 हजार 810
स्पेन 2 लाख 4 हजार 178 22 हजार 282 82 हजार 514
इटली 1 लाख 83 हजार 957 24 हजार 648 51 हजार 600
फ्रांस 1 लाख 55 हजार 383 20 हजार 265 37 हजार 409
जर्मनी 1 लाख 47 हजार 065 4 हजार 862 91 हजार 500
ब्रिटेन 1 लाख 24 हजार 743 16 हजार 509 उपलब्ध नहीं
तुर्की 90 हजार 980 5 हजार 209 13 हजार 430
ईरान 83 हजार 505 5 हजार 209 59 हजार 273
चीन

82 हजार 747

4 हजार 632 77 हजार 123
रूस 47 हजार 121 405 3 हजार 446

येआंकड़ेhttps://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

डब्लूएचओ : चमगादड़ों से आया कोरोना
कोरोना के लिए दुनिया के ज्यादातर देश चीन की तरफ शंका भरी निगाहों से देख रहे हैं। लेकिन, डब्लूएचओ ने एक बार फिर पुराना दावा दोहराया। मंगलवार को उसने कहा, “मौजूदा सबूत बताते हैं कि कोरोनावायरस पिछले साल चीन में चमगादड़ों की वजह से फैला। इस बात के प्रमाण नहीं है कि वायरस लैब में बनाया गया या इससे कोई छेड़छाड़ की कोशिश हुई।”डब्लूएचओ का यह दावा एक बार फिर अमेरिका और यूरोपीय देशों को नाराज कर सकता है। ये देश आरोप लगा रहे हैं किडब्लूएचओ चीन की पैरवी कर रहा है और उसकी गलतियों को छिपाने की कोशिश कर रहा है। फॉक्स न्यूज चैनल ने पिछले दिनों दावा किया था कि कोरोनावायरस चीन के वुहान शहर की एक लैब से फैला। इसमें एक लैब असिस्टेंट की गलती बताई गई थी। अमेरिकाडब्लूएचओ की फंडिंग रोक चुका है। जापान जल्द ही ऐसा करने वाला है। लेकिन, माना जा रहा है कि ब्रिटेन समेत यूरोपीय देश ज्यादा सख्त कदम उठा सकते हैं।

अमेरिका : ट्रम्प का नया ऐलान
राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक ट्वीट में कहा, “अदृश्य दुश्मन (कोरोनावायरस) के हमले और महान अमेरिकियों के लिए नौकरियां बचाने की खातिर मैं एक आदेश पर दस्तखत कर रहा हूं। इससे अप्रासियों के अमेरिका आने पर रोक लग जाएगी।” ‘द गार्डियन’ के मुताबिक, ट्रम्प का यह आदेश हैरान करने वाला है क्योंकि इसमें अप्रवासियों पर रोक लगाने की कोई रूपरेखा या प्लान का जिक्र नहीं है। यह इसलिए भी चौंकाता है क्योंकि व्हाइट हाउस ने भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

रूस : 30 दिन में 900 बेड वाला अस्पताल तैयार
मॉस्को में कोविड-19 मरीजों के लिए नया अस्पताल 30 दिन में तैयार हो गया। 900 बिस्तरों वाले इस हॉस्पिटल में मंगलवार से मरीजों को भर्ती किया जाना भी शुरू हो गया। हर बेड को ऑस्सीजन सप्लाय यूनिट से जोड़ा गया है। हॉस्पिटल में 500 डॉक्टर और नर्स तैनात रहेंगे। इसके लैब में हर दिन 10 से 12 हजार टेस्ट भी किए जा सकते हैं। रूस में 24 घंटे में 5642 नए मामले सामने आए।

ईरान : संक्रमण पर काबू अभी दूर
ईरान के इराज हरिचि ने मंगलवार को कहा कि देश में अब तक कोरोना संकट पर काबू नहीं पाया जा सका है। सरकारी टीवी पर इंटरव्यू में इराज ने कहा, “ये सही है कि हम अभी तक महामारी पर काबू नहीं पा सके हैं। मैं आपको ये भी नहीं बता सकता कि ये संकट कब तक खत्म होगा।”

तेहरान के एक अस्पताल में लैब टेक्नीशियन। मंगलवार को यहां सरकार ने माना कि कोरोनावायरस पर काबू होने की कोई तारीख बताना मुश्किल है।

वॉट्सएप : डब्लूएचओ की मदद
वॉटसऐप ने मंगलवार शाम एक ट्वीट में कहा कि वो डब्लूएचओ की मदद के लिए स्टिकर्स का नया सेट लॉन्च कर रहा है। इसमें कई ऑप्शन हैं। इसका टाईटिल ‘टुगेदर एट होम’ रखा गया है। मेडिकल वकर्स की हौसला अफजाई के स्टिकर खासतौर पर आकर्षण का केंद्र हैं। यह फीचर्स उपलब्ध भी हो गए हैं।

स्पेन : बुल फाइट नहीं होगी
स्पेन में इस साल ऐतिहासिक बुल फाइट नहीं होगी। पॉम्पलोना में इसका आयोजन 6 से 14 जुलाई के बीच किया जाना था। आयोजकों ने कहा- कोरोना के खिलाफ जंग ज्यादा जरूरी है। फिलहाल, दुनिया को किसी और उत्सव या समारोह की जरूरत नहीं है। 1910 से चली आ रही इस फाइट का कई मंचों पर विरोध भी होता रहा है। अब तक 16 लोग सांडों से लड़ाई में जान गंवा चुके हैं। आखिरी मौत 2009 में हुई थी।

स्पेन में इस साल ऐतिहासिक बुल फाइट नहीं होगी। पॉम्पलोना में इसका आयोजन 6 से 14 जुलाई के बीच किया जाना था। (फाइल)

जॉनसन और ट्रम्प की बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने मंगलवार को फोन पर बातचीत की। जॉनसन के ऑफिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने कोरोना संकट से निपटने के बारे में बातचीत की। ट्रम्प ने जॉनसन से उनकी सेहत के बारे में पूछा। इस दौरान जी-7 की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

स्पेन : फुटबॉल क्लब एक साल के लिए स्टेडियम का नाम बेचेगा
दुनिया के सबसे मशहूर फुटबॉल क्लबों में से एक एफसी बार्सिलोना ने कोरोना रिसर्च में मदद के लिए अनूठी पहल की है। इस क्लब का अपना स्टेडियम ‘कैम्प नोऊ’ है। 1957 में यह स्टेडियम बना और इसी वक्त शुरू भी हुआ। क्लब ने एक बयान में कहा, “2020-21 सीजन के लिए बार्सा फाउंडेशन अपने स्टेडियम का नाम एक साल के लिए बेचने को तैयार है। हम स्पेन के कैटालोनिया ही नहीं दुनिया के हर हिस्से में कोरोना के खिलाफ मदद करना चाहते हैं।” यह रकम कोरोना रिसर्च में इस्तेमाल की जाएगी। इस स्टेडियम में 99 हजार दर्शक मैच देख सकते हैं।

इटली : मौत का आंकड़ा बढ़ा
मंगलवार को यहां कुल 534 संक्रमितों की मौत हुई। यह सोमवार की तुलना में 80 ज्यादा हैं लेकिन मार्च और यहां तक कि पिछले हफ्ते की तुलना में कम हैं। इसी दौरान 528 नए संक्रमित मिले। देश में 9 मार्च से लॉकडाउन है। हालांकि, बीते दो दिन में कुछ सेवाओं को छूट दी गई है।

पाकिस्तान : इमरान का टेस्ट होगा
प्रधानमंत्री इमरान खान का जल्द ही कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। कोविड-19 के लिए बनाई टीम के इंचार्ज और प्रधानमंत्री के सलाह डॉक्टर फैजल सुल्तान ने मंगलवार को ‘डॉन न्यूज’ से बातचीत में इसकी पुष्टि की। फैजल ने कहा, “प्रधानमंत्री अपना कोरोना टेस्ट कराने के लिए तैयार हो गए हैं।” सोमवार देर रात खबर आई थी कि इमरान क्वारैंटाइन हो सकते हैं। खान 15 अप्रैल को ईधी फाउंडेशन के चेयरमैन फैजल ईधी से मिले थे। इस मुलाकात के बाद ईधी पॉजिटिव पाए गए थे।

15 अप्रैल को ईधी फाउंडेशन के फैजल के साथ इमरान। बाद में फैजल पॉजिटिव पाए गए थे।

सऊदी अरब : कर्फ्यु में ढील दी जाएगी
सऊदी अरब सरकार बेहद कड़ी शर्तों के साथ रमजान माह में कर्फ्यु में कुछ ढील दे सकती है। अभी यहां कुछ बेहद जरूरी सेवाओं को छोड़कर 24 घंटे का सख्त कर्फ्यु है। रमजान में सुबह 6 से दोपहर 3 बजे तक ढील दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। सीएनएन के मुताबिक, ढील के दौरान बेहद कड़ी शर्तों का पालन करना होगा। इनका ऐलान बुध‌वार को किया जा सकता है।
वियतनाम : डोमेस्टिक फ्लाइट्स को मंजूरी
वियतनाम में गुरुवार से घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। मंगलवार रात सरकार ने बयान में यह जानकारी दी। देश में अब तक 268 मामले सामने आए हैं। किसी की मौत नहीं हुई। सोमवार रात तक यहां 60 हजार से ज्यादा लोगों को आईसोलेट और 16 हजार को क्वारैंटाइन किया जा चुका था। देश में दो लाख से ज्यादा टेस्ट किए जा चुके हैं।

स्पेन : 14 साल से कम उम्र के बच्चों को राहत
स्पेन में बुधवार से 14 से कम उम्र के बच्चे किसी वयस्क के साथ सुपरमार्केट, मेडिकल शॉप या बैंक जा सकेंगे। फाइनेंस मिनिस्टर मारिया जीसस मोंटेरो ने कहा, “हालात अभी ऐसे नहीं हैं कि हम हर किसी को घर निकलने की इजाजत दे दें। लेकिन, शुरुआती कुछ कदम उठाए जा रहे हैं।”

जैक माडब्ल्यूएचओ को लाखों मास्क और टेस्ट किट देंगे
अलीबाबा के फाउंडर जैक मा ने मंगलवार को घोषणा की कि वे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को लाखों मास्क और टेस्ट किट डोनेट कर रहे हैं। चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वाइबो के जरिए उन्होंने कहा- हम10 करोड़ क्लिनिकल मास्क, 10 लाख एन-95 मास्क और 10 लाख टेस्ट किट डोनेट कर रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने ‘वन वर्ल्ड, वन फाइट’ भी लिखा।

अमेरिका: 24 घंटे में 1,939 मौतें

अमेरिका में 24 घंटे में 1,939 लोगों की जान गई हैं और 28 हजार 123 मरीज मिले हैं। यहां अब तक 42 हजार 514 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्डट्रम्प ने कहा है कि इस संकट में वायरस के खतरे से बचने और अमेरिकी नागरिकों की नौकरियां बचाने के लिए वे देश में विदेशी नागरिकों का प्रवासन अस्थायी तौर पर बंद करेंगे। अमेरिका में कोरोना के कहर के कारण बेरोजगारी दर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। यहां अब तक 1.68 करोड़ लोगबेरोजगार हुए। नागरिकों की नौकरी जाने की वजह से राष्ट्रपति ने यह फैसला लिया है।ट्रम्प ने ट्वीट किया- अदृश्य दुश्मन के हमले को देखते हुए ग्रेट अमेरिकियों की नौकरी बचाने के लिए मैं यहां बसने वाले विदेशी नागरिकों के पाबंदी वाले अस्थायी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे।

अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क है, जहां अब तक 18 हजार 929 लोगों की जा जा चुकी है। न्यूयॉर्क स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि न्यूयॉर्क स्टेट में अभी तक दो लाख 47 हजार 512 संक्रमित हैं। वहीं न्यूयॉर्क शहर में यह आंकड़ा एक लाख 36 हजार 806 है। इससे पहले न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बताया कि रविवार को न्यूयॉर्क में 478 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि शनिवार को 507 लोगों ने जान गंवाई थी।

अमेरिका: ब्रूकलिन में कोरोना टेस्ट के लिए लाइन में लगे लोग। देश में लॉकडाउन के विरोध में लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया:7 लाख 80 हजार नौकरियां खत्म

ऑस्ट्रेलिया में शटडाउन होने और बिजनेस बंद किए जाने के बाद लगभग 7 लाख 80 हजार नौकरियां खत्म हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) और ऑस्ट्रेलियाई टैक्सेशन ऑफिस द्वाराजारी किए गए डेटा से पता चला है कि 14 मार्च और 4 अप्रैल के बीच देशभर में नौकरियों में 6% की कमी आई है। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी वर्जिन ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को ऋण संकट से उबरने के लिए दिवाला कानून के तहत संरक्षण की मांग की है।इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने वर्जिन के 1.4 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का कर्ज देने के अनुरोध को खारिज कर दिया था।

अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट
अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को ऐतिहासिक 105% की गिरावट दर्ज की गई। पहली बार तेल की कीमतें माइनस 2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के मई वितरण में 300% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। कोरोना संकट की वजह से दुनियाभर में घटी तेल की मांग के चलते इसकी कीमतें लगातार गिर रही हैं। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत इतनी नीचे पहुंची है।

  • तेल की कीमतें निगेटिव होने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि एक स्तर तक बहुत सारे लोगों के लिए यह दिलचस्प है। अमेरिका अपने पेट्रोलियम भंडार को भरना चाहेगा। हम करीब 7.5 करोड़ बैरल रिजर्व रखना चाहते हैं। हमारी सरकार तेल कीमतों को ठीक कर लेगी।
  • टेस्टिंग किट को लेकर ट्रम्प ने राज्यों के गवर्नरों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन लोगों को पता ही नहीं है कि टेस्ट करने की सही प्रक्रिया क्या है। राज्यों के पास पर्याप्त टेस्टिंग की क्षमता है।
  • अमेरिका में हिंदू संगठनों के समूह ने भारतीय छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर शुरू की है। हिंदू युवा, भारतीय, विवेकनंद हाउस और सेवा इंटरनेशनल ने संयुक्त रूप से ‘कोलिड-19 स्टूडेंट सपोर्ट नेटवर्क’ पहल की है।वॉशिंगटन में इसका काम देख रहे प्रेम रंगवानी ने कहा कि इसे 90 छात्र चला रहे हैं।
अमेरिका: न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताते हुए।

अमेरिका में कई भारतीय डॉक्टर्स की मौत

अमेरिका और ब्रिटेन में कई भारतीय मूल के डॉक्टर औरअन्य मैडिकल स्टाफ दिन-रात जुटे हैं। कई डॉक्टरों की मौत भी हो चुकी है। पिछले सप्ताह न्यूयॉर्क के अस्पताल में एक भारतीय डॉक्टर माधवी अया की संक्रमण के से मौत हो गई थी। संक्रमित में ज्यादा भारतीय डॉक्टर न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में हैं। डॉक्टर रजत गुप्ता (बदला हुआ नाम) न्यूजर्सी में एक कोरोना मरीज की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उसने डॉ. गुप्ता के चेहरे पर उल्टी कर दी। इसके बाद वे भी संक्रमित हो गए और उनकी भी मौत हो गई। भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टरों के संघ (एएपीआई) के सचिव रवि कोहली ने कहा- कम से कम 10 डॉक्टर गंभीर हैं। किडनी रोग विशेषज्ञ प्रिया खन्ना (43) का हाल में न्यूजर्सी में निधन हो गया। उनके सर्जन पिता सत्येंद्र खन्ना भी संक्रमित हैं।

अमेरिका: न्यूयॉर्क पुलिस अफसर एक शव को ले जाने में स्वास्थ्यकर्मियों की मदद करते हुए। राज्य में अब तक करीब 19 हजार लोगों की जान जा चुकी है।

इटली: संक्रमण में कमी
महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार इटली में पहली बार संक्रमण के मामलों में कमी आई है। बीबीसी के मुताबिक, सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी की चीफ एजेंलो बोरेली ने कहा कि पहली बार देश में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। सोमवार तक यहां एक लाख आठ हजार 237 मरीज हैं, जो या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर में क्वारैंटाइन हैं। रविवार को 486 एक्टिव केस का इजाफा हुआ था। अमेरिका और स्पेन के बाद इटली तीसरा देश है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं।

इटली: परमा के मैगिओरे अस्पताल में 82 साल के मरीज मारियो अपना हेल्थ नोट पढ़ते हुए। इटली में अब तक 24 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी है।

रूस: 50 हजार से ज्यादा संक्रमित
सीएनएन के मुताबिक, रूस में मंगलवार सुबह तक संक्रमण के 5,642 नए केस मिले। इसके साथ ही देश में संक्रमण का कुल मामला 52,763 हो गया। वहीं, रातभर में 51 लोगों की मौत हुई है। देश में कुल 456 जान जा चुकी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को चेतावनी दी थी कि देश में अभी तक चरम सीमा नहीं आया है। यह अभी भी दूर है।एमबीकेएच न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, दक्षिणी रूस के शहर व्लादिकाव्काज में नौकरी जाने और कोरोना को लेकर कम सूचनाएं देने के कारण सरकार के खिलाफ करीब 500 लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

रूस: मॉस्को के रेड स्क्वाएर में पेट्रोलिंग करती पुलिस। यहां संक्रमण का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया है।

लॉकडाउन के बीच ब्रिटेन की महारानी का मना जन्मदिन
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ- द्वितीय मंगलवार को 94 साल की हो गईं। इस दौरान उनका जन्मदिन लॉकडाउन के बीच सादगी से मनाया गया। 68 साल के उनके कार्यकाल में यह पहली बार है जब उनके जन्मदिन पर गन सैल्यूट नहीं दिया गया। पिछले हफ्ते ही उन्होंने यह कार्यक्रम कैंसल किया था। मेट्रो अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, महारानी अपेपति प्रिंस फिलिप के साथ बार्कशायर काउंटी के विंडसर कैसल में हैं और सोशल डिस्टेसिंग का पालन कर रहीहैं।

फ्रांस: 20 हजार से ज्यादा मौतें
फ्रांस में सोमवार शाम तक मौतों का आंकड़ा 20 हजार से ज्यादा हो गया। बीबीसी के मुताबिक, फ्रांस के सेवा निदेशक ने इन आंकड़ों को प्रतीकात्मक और दुखद बाया है। यहां 24 घंटे में 547 लोगों की मौत हुई है और संक्रमण के 2,489 केस मिले हैं। दुनियाभर में सबसे ज्यादा मौतों में फ्रांस अब चौथा देश हो गया है। इससे पहले अमेरिका, इटली और स्पेन हैं। फ्रांस में भी लॉकडाउन का विरोध शुरू हो गया है। पेरिस में रविवार को लॉकडाउन के विरोध में दंगे भड़क उठे। यह दंगे उत्तरी पेरिस के विलेन्यूवे ला-गेरेन में भड़के। पुलिस पर आरोप है कि वह लॉकडाउन का पालन करवाने के दौरान गैर-ईसाई अल्पसंख्यकों के साथ बर्बरता से पेश आई और नस्लभेदी रवैया अपनाया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने सोशल डिस्टेंसिंग के प्रतिबंधों को 11 मई तक बढ़ा दिया है।

फ्रांस: पेरिस की सड़क पर एक व्यक्ति और उसके बेटे ने ‘मनुष्य बनो’ लिखा एक डिजाइन बनाया। देश में लॉकडाउन लगाने के बाद से मामलों में कमी आ रही है।

तुर्की: सरकारी आंकड़ों से ज्यादा मौत होने का संदेह

तुर्की में संक्रमण का आंकड़ा चीन से भी ज्यादा हो गया है। सोमवार तक यहां कुल 90 हजार केस मिल चुके थे। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, यहां मौतों का आंकड़ा 2,140 हो गया है। लेकिन, देश में इससे ज्यादा लोगों की जान गई है। पश्चिम एशिया में भी तुर्कीसंक्रमण के मामले में ईरान से आगे निकल गया है। ईरान में 83 हजार से ज्यादा केस हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस्तानबुल में होने वाली मौतों से पता चलता है कि तुर्की में कुल मौतें सरकार के आंकड़ों से कहीं ज्यादा हो सकती है।

तुर्की: यह तस्वीर इस साल मार्च की है। इस्तानबुल के एक कब्रिस्तान में अधिकारी और रिश्तेदार ताबूत को दफनाते हुए।

जर्मनी: बीयर फेस्टिवल रद्द
बीबीसी के मुताबिक, संक्रमण की वजह से इस बार जर्मनी में बीयर फेस्टिवल रद्द कर दिया गया है। हर साल मनाए जाने वाले इस फेस्टिवल में 50-60 लाख लोग शामिल होते हैं। इस साल यह त्योहार 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच होने वाला था। रायटर्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस त्योहार से म्यूनिख शहर की हर साल 1.07 बिलियन डॉलर की कमाई होती है।

श्रीलंका: 20 जून को संसदीय चुनाव होंगे
श्रीलंका में 25 अप्रैल को होने वाले संसदीय चुनावों को वायरस के खतरे के कारण स्थगित कर दिया गया है। अब यह 20 जून को होंगे। श्रीलंका चुनाव आयोग ने मंगलवार को ये जानकारी दी। इससे पहले चुनाव आयोग के प्रमुख महिंदा देशप्रिया ने कहा था कि इस स्थित में 25 अप्रैल को चुनाव कराना संभव नहीं है, क्योंकि सरकारी कर्मचारी इन हालातों में काम नहीं कर सकते हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने दो मार्च को संसद भंग कर दिया था। देश में अब तक संक्रमण के 302 केस मिले हैं, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है।

श्रीलंका: कोलंबो में स्वैब की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी। देश में अब तक संक्रमण के 302 केस मिले चुके हैं।

इजराइल: 13,713 मामलों की पुष्टि
इजरायल में 59 नए मामले आने के बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,713 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देशभर में अब तक 177 मरीजों की मौत हो गई है। 4,049 मरीज अब तक ठीक भी हो गए हैं। इसके अलावा 149 मरीज इंटेंसिव केयर में भर्ती हैं। इनमें से 99 वेंटीलेटर मशीन पर हैं। इजराइल ने लॉकडाउन और अन्य उपायों में ढील देनाशुरू कर दी है। हालांकि दो से अधिक लोग एक साथ अभी भी बाहर नहीं घूम सकेंगे। यहां लोग सख्त प्रतिबंधों को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

इजराइल के जेलों में बंद फिलिस्तीनी कैदियों के समर्थन में दीवार पर चित्र बनाता कलाकार। महामारी के बीच जहां दुनियाभर के कैदियों को रिहा किया जा रहा है, वहीं फिलिस्तीनी कैदी अभी भी बंद हैं।

अफ्रीकी देशों का हाल

दक्षिण अफ्रीकामें कोरोना के 3,300 मामले हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री ज्वेली मखीजे ने कहा कि यहां एक दिन में 142 मामले मिले हैं और चार मरीजों की मौत हुई है। यहां कुल मौतें 142 हो चुकी है। वहीं, अब तक 1,055 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रांतों में बड़े स्तर पर सामुदायिक स्क्रीनिंग और टेस्टिग की जा रही है।अब तक एक लाख 21 हजार 510 लोगों की जांच हो चुकी है। गौतेंग प्रांत एपिसेंटर बन गया है। यहां अब तक 1,170 केस मिल चुके हैं।

मिस्र में अब तक 3,333 केस मिल चुके हैं। अफ्रीका महादेश में सबसे ज्यादा मरीज यहीं हैं। यहा 250 लोगों की जान जा चुकी है।इजिप्ट टूडे के मुताबिक, देश में 24 घंटे में 189 केस मिले हैं, जबकि 11 मौतें हुई हैं। वहीं, मिस्र के वैज्ञानिक मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी पर विचार कर रहे हैं। पहले ही ठीक हुए मरीजों से प्लाज्मा सैम्पल्स ले लिए गए हैं।

जिम्बाब्वे ने कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन 14 दिन और बढ़ा दिया है।लॉकडाउन के कारण कई नागरिकों केआय खत्म हो गया है।देश एक दशक में सबसे बुरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां भोजन और दवाओं की भारी कमी है।जरूरी चिकित्सा उपकरणों के न होने और बुनियादी ढांचे की कमी की वजह से स्वास्थ्य व्यवस्था बुरे दौर से गुजर रही है।

चीन: 11 नए केस मिले
चीन में सोमवार को 11 नए केस मिले हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने कहा- रिपोर्ट किए गए इन मामलों में से चार में संक्रमण बाहर से आया है, जबकि अन्य सात घरेलू रूप से प्रसारित हुआ। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने हेल्थ कमीशन के हवाले से कहा कि छह मामले हेइलोंगजियांग और एक गुआंग्डोंग प्रांत में दर्ज किए गए। हालांकि, मेनलैंड चाइना में कोई मौत दर्ज नहीं हुई। कमीशन ने कहा कि चीन में सोमवार तक कुल 82,758 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 1,003 का उपचार चल रहा है, जबकि 77,123 को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं अब तक 4,638 लोगों की मौत हुई है। स्पेशल एडमिनिस्ट्रेटिव रीजन (एसएआर) हॉन्गकॉन्ग में सोमवार तक चार मौतों और 1,025 मामलों की पुष्टि की गई।

चीन: बीजिंग में सोमवार को दफ्तर से लौटते लोग। देश में अब तक77,123 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

दक्षिण कोरिया: 10 हजार 683 मामले

दक्षिण कोरिया में 24 घंटों के दौरान नौ नए मामले दर्ज किए गए। इसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार 683 हो गई है। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत के साथ मरने वालों की कुल संख्या 232 हो गई। देश में पिछले चार दिन से लगातार संक्रमितों का एक दिन का आंकड़ा 20 से कम रहा है। नए मामलों में पांच विदेशों से आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (केसीडीसी) ने मंगलवार को बताया कि संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या 237 हो गई जो कुल मामलों का 2.22% है। डाएगु और नॉर्थ ग्योंगसांग प्रांत में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 6,835 और 1,361 हो गई है। लगभग 25 लाख की आबादी वाला डाएगु कोरोना के प्रसार का केंद्र बना हुआ है। डाएगु को सरकार ने ‘विशेष आपदा क्षेत्र’ घोषित किया है। सियोल और उसके निकटवर्ती ग्योंग्गी प्रांत में संक्रमितों की संख्या क्रमश: 626 और 658 पर आ गई है।

द.कोरिया: सियोल में नेशनल असंबेली में संसद सत्र में मास्क पहनकर शामिल हुए सांसद। कोरोना महामारी के बीच द.कोरिया पहला देश है, जहां संसदीय चुनाव हुए हैं।

खाड़ी देश में रमजान के दौरान लॉकडाउन में ढील
लेबनान, इराक और सीरिया ने रमजान के दौरान कोरोना के खतरे के कारण लगाए गए लॉकडाउन में थोड़ी ढील देने का फैसल किया है। एफे न्यूज के अनुसार, इराक की उच्च स्वास्थ्य और राष्ट्रीय समिति ने 21 अप्रैल से 22 मई तक शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू में ढील देने के निर्णय लिया है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री एडेल अब्दुल महदी की अध्यक्षता वाली समिति ने प्रतिबंधों में ढील देने के सुझाव को मंजूरी दे दी। हालांकि, समिति ने कहा कि प्रतिबंध शुक्रवार और शनिवार को पूरी तरह से लागू रहेंगे। घर से बाहर जाने के दौरान लोगों को मास्क या फिर किसी अन्य वस्तु से मुंह ढंक कर निकलना होगा। साथ ही एक साथ तीन से ज्यादा लोग जमा नहीं हो सकेंगे।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

बीजिंग में सोमवार को दफ्तर से लौटते लोग। चीन में 70 फीसदी पाबंदियां हटाई जा चुकी हैं। लेकिन, अब संक्रमण के लिए अमेरिका समेत कई देश चीन को दोषी ठहराने लगे हैं। आने वाले दिनों में चीन सरकार की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts