हरियाणा में कुल 238 मामले/ 50% से ज्यादा मरीज हुए ठीक, 1 दिन में सबसे ज्यादा 37 मरीजों को अस्पताल से मिली छुट्टी, 1 नया पॉजिटिव आया – Dainik Bhaskar

पंचकूला में मिला पॉजिटिव केस, हिमाचल में जमात लगाकर आया था हरियाणा में अब कुल 137 मरीजों को मिली अस्पताल से छुट्टी

दैनिक भास्कर

Apr 20, 2020, 08:16 PM IST

पानीपत. हरियाणा में सोमवार के दिन सबसे अच्छी खबर ये रही कि 50 फीसदी से ज्यादा मरीज ठीक हो गए। एक दिन में सबसे ज्यादा 37 मरीज ठीक होकर घर पहुंचे हैं। पूरे हरियाणा में 137 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। सबसे ज्यादा प्रभावित नूंह जिले से सोमवार को 15 मरीज ठीक हुए। हालांकि सोमवार को एक नया मरीज भी आया, इसके बाद अब कुल मरीजों का आंकड़ा 238 पहुंच गया है। नया मरीज पंचकूला में मिला है, जो हिमाचल में जमात लगाकर पहुंचा था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।  

गुरुग्राम में 9 मरीज ठीक होकर घर गए
हरियाणा में सोमवार को कुल 37 मरीजों को छुट्टी मिली। सबसे ज्यादा नूंह में 15 मरीज, गुरुग्राम में 9 मरीज, पलवल में 6 मरीज, अम्बाला में 3 मरीज, फरीदाबाद में 2 मरीज, जींद और सोनीपत में 1-1 मरीज ठीक होकर घर पहुंचा है। 

सिरमौर जिले में जमात लगाकर आया था पंचकूला, पॉजिटिव मिला
पंचकूला में सोमवार को एक और जमाती में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। कोरोना पॉजिटिव जमाती हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में जमात लगाकर आया था। प्रशासन ने सिरमौर जिला प्रशासन व हिमाचल प्रदेश सरकार को भी अलर्ट कर दिया है। कोरोनाग्रस्त 20 वर्षीय युवक पंचकूला के नालागढ़-बद्दी रोड स्थित नवांनगर गांव का रहने वाला है। अभी तक कोरोनाग्रस्त सभी जमाती राजस्थान के सीकर में जमात लगाकर आये थे। जबकि यह कोरोना पॉजिटिव जमाती हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में पिछले महीने जमात लगाकर आया था। कोरोनाग्रस्त जमाती पंचकूला के मौली गांव में बने जवाहर नवोदय क्वारैंटाइन सेंटर में रह रहा था। 

हरियाणा में 133 पहुंचा जमातियों का कुल आंकड़ा
प्रदेश में मिले कुल संक्रमित में से जमातियों की संख्या 133 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले के हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 31, फरीदाबाद में 23, गुरुग्राम में 15, अम्बाला में 5, पंचकूला में 7, यमुनागर में तीन, भिवानी में 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला है। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया था।  

प्रदेश में अब ये है संक्रमित मरीजों की जिलेवार संख्या
राज्य में संक्रमित का आंकड़ा 238 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। फरीदाबाद में 42, गुरुग्राम में 36, पलवल में 34, पंचकूला में 18, अम्बाला में 11, सोनीपत में 7, करनाल में 6, पानीपत में 5, सिरसा चार, यमुनानगर व भिवानी में 3-3, कैथल, हिसार, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला है। इसके साथ-साथ मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा हुआ है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 251 बनता है। 

127 मरीज ठीक होकर पहुंचे घर
हरियाणा में अब कुल 127 मरीज ठीक हो गए हैं। गुरुग्राम में 26 मरीज, नूंह और पलवल में 23-23, फरीदाबाद में 22, अम्बाला में 6, करनाल में 5, सिरसा और पानीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, सोनीपत, पंचकूला और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार में 1-1 मरीज ठीक हुआ है। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 141 बनता है। 

Related posts