झारखंड/ कोरोना से मृत बुजुर्ग का रिश्तेदार भी निकला कोरोना पॉजिटिव, बोकारो में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 10 – Dainik Bhaskar

बोकारो स्थित गोमिया के साड़म निवासी संक्रमित मरीज राज्य में कोरोना संक्रमण से मरने वाले पहले मरीज का है रिश्तेदार रांची के 26, बोकारो के 10, हजारीबाग के 3, धनबाद के 2, सिमडेगा के 2, कोडरमा के एक, देवघर और गिरिडीह के एक-एक मरीज में हो चुकी है संक्रमण की पुष्टि

दैनिक भास्कर

Apr 20, 2020, 09:38 PM IST

बोकारो. बोकारो में सोमवार को एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई। नया मरीज गोमिया के साड़म का रहने वाला है। 50 वर्षीय यह नया मरीज साड़म निवासी उसी 75 वर्षीय मृत बुजुर्ग का रिश्तेदार है, जिसकी झारखंड में कोरोना से पहली मौत थी। जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार पाठक ने इसकी पुष्टि की है। अब पूरे राज्य में कोरोना संक्रमितों की सख्या 43 हो गई है। इनमें रांची (हिंदपीढ़ी, बरियातू और बेडो भी शामिल) के 26, बोकारो के 10, हजारीबाग के 3, धनबाद के 2, सिमडेगा के 2, कोडरमा के एक, देवघर और गिरिडीह के एक-एक मरीज शामिल हैं। कुल मरीजों में अब तक तीन की मौत हो चुकी है।

धनबाद भेजा गया था सैंपल
मृत बुजुर्ग के संपर्क में आने वाला उसका रिश्तेदार चास स्थित एक क्वारैंटाइन सेंटर में पहले से ही रखा गया था। जांच के लिए उसका सैंपल धनबाद भेजा गया था, जहां से सोमवार को रिपोर्ट जारी होने के बाद उसमें कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला। इसके बाद उसे बोकारो जनरल अस्पताल के कोविड- 19 वार्ड में भेज दिया गया है।

संक्रमित मरीजों के मामले में बोकारो दूसरे नंबर पर 
बता दें कि साड़म से इस पांचवें मरीज के मिलने के साथ ही बोकारो जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 10 हो चुकी है। जाे रांची के बाद दूसरा है। बोकारो में इसके पहले उसी मृत बुजुर्ग का भाई और उसके दो भतीजे कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। अब एक और रिश्तेदार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया है। इसके अलावा जिले के चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत तेलो और पिपराडीह में भी पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिन्हें कोविड वार्ड-19 में रखा गया है। पूरा राज्य में अकेले रांची और बोकारो से ही सर्वाधिक कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं और दोनों जिले को रेडजोन घोषित किया गया है। इधर, 8 अप्रैल की देर रात बीजीएच में इलाजरत कोरोना मरीज की मृत्यु के बाद से ही लगातार साड़म और आसपास के इलाके में पूर्ण लॉकडाउन है। अब एक और मामला सामने आने के बाद एक बार उस इलाके में प्रशासनिक सक्रियता और एहतियातन उपाय तेज कर दिए गए हैं। 

संक्रमितों की संख्या 18000 के करीब
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17889 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 283, गुजरात में 108, आंध्रप्रदेश में 75, राजस्थान में 57, पश्चिम बंगाल में 29, उत्तरप्रदेश में 17, ओडिशा में 12, कर्नाटक में 5, झारखंड में 1 और हरियाणा में 1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले रविवार को 20 राज्यों में 1580 संक्रमित बढ़े। यह एक दिन में नए मामलों का सबसे बढ़ा आंकड़ा है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 17 हजार 265 मामले सामने आए हैं। इनमें 14 हजार 175 का इलाज चल रहा है। 2546 ठीक हुए हैं, वहीं 543 लोगों की मौत हुई है। 

Related posts