Coronavirus Update: झारखंड में आज फिर मिला कोरोना का एक मरीज, अबतक 42; जानें ताजा हाल – दैनिक जागरण

Publish Date:Mon, 20 Apr 2020 06:47 PM (IST)

रांची, जेएनएन। Bokaro Jharkhand Coronavirus Cases झारखंड के बोकारो में सोमवार को एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही झारखंड में अब कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 42 पर पहुंच गया है। बोकारो में अबतक कुल 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। बताया गया है कि कोराेना संक्रमित यह मरीज उसी साड़म गांव का है, जहां से पहले एक कोरोना मरीज की मौत हो चुकी है। सोमवार को मिला कोरोना पॉजिटिव उसी के परिवार से संबद्ध है। 40 साल के इस मरीज में संक्रमण की पुष्टि पीएमसीएच, धनबाद ने की है।

इधर झारखंड के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री बन्‍ना गुप्‍ता ने सोमवार को अहम जानकारी दी है। कोरोना से संक्रमित चार मरीज ताजा टेस्‍ट में निगेटिव मिले हैं। अबतक चार मरीजों को स्‍वस्‍थ बताया गया है, वे कोरोना संक्रमण से बाहर आ गए हैं। झारखंड में कोरोना के 4 मरीज स्वस्थ हो गए हैं, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि चिकित्सकों की मेहनत से यह संभव हुआ है।

बोकारो के गोमिया इलाके के साड़म गांव से कोरोना संक्रमण का यह पांचवां मामला सामने आया है। बोकारो जिले में अब कुल कोरोना मरीजों की संख्‍या 10 पर पहुंच गई है। यहां तेलो गांव में भी पांच कोरोना मरीज मिले हैं। यहां बांग्‍लादेश की तब्‍लीगी जमात में शामिल हुई महिला में सबसे पहले कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बहरहाल सभी कोरोना संक्रमित मरीजों को बीजीएच आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।

इससे पहले रविवार को एक ही दिन में सात कोरोना मरीजों के संक्रमित होने का मामला सामने आया था। रांची के हिंदपीढ़ी इलाके के साथ ही बेड़ो और मेन रोड इलाके में भी कोरोना का फैलाव हुआ है। अकेले रांची में कोरोना संक्रमित 24 मरीजों की पुष्टि हुई है। बोकारो में अब 10 मरीज कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। धनबाद, गिरिडीह, सिमडेगा और हजारीबाग में अबतक 2-2 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

इधर राजधानी रांची का हिंदपीढ़ी इलाका पहले ही सूबे में हॉट स्‍पॉट का रूप अख्तियार कर चुका है। अब बोकारो भी बुरी तरह घातक संक्रमण के दायरे में आ गया है। 10 मरीज मिलने के बाद इस इलाके में कोरोना का खौफ बढ़ गया है।

अबतक कहां-कितने मिले कोरोना संक्रमित मरीज

  1. रांची : 24
  2. बोकारो : 10
  3. धनबाद : 02
  4. हजारीबाग : 02
  5. सिमडेगा : 02
  6. गिरिडीह : 02

नोट : रांची के एक और बोकारो के एक कोरोना मरीज की मौत हो चुकी है। 42 में से 40 एक्टिव मरीजों का इलाज आइसोलेशन वार्ड में किया जा रहा है।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ…

Posted By: Alok Shahi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts