भारत में कोरोना के मामले बढ़कर हुए 17265, बीते 24 घंटे में 36 लोगों ने गंवाई जान – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Publish Date:Mon, 20 Apr 2020 10:12 AM (IST)

नई दिल्ली, एएनआइ। देश में कोरोना वायरस से हर दिन मौतें हो रही है। इसके प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार हर संभव कदम उठा रही है। हर दिन जारी होते आंकड़ों में मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मरने वालों का भी आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1553 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 36 मौतें भी हुईं। इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 17265 तक हो गई है। इसमें 14175 सक्रिय मामले हैं और 2546 लोग ठीक हो चुके हैं, जिन्हें छुट्टी दे दी गई है। 24 घंटे में हुई 36 मौतों से देश में अब कोरोना वायरस से कुल 543 मौतें हो चुकी हैं।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, कुल 4,203 मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य है। जबकि यहां 507 मरीजों को ठीक किया जा चुका है। राज्य में 223 लोगों की मौत हुई है। वहीं बात राजधानी दिल्ली की करें तो यहां 2,003 मामले सामने आए हैं। इसमें 72 मरीज ठीक हो चुके हैं और 45 मरीजों की मौत हो चुकी है।

राजस्थान में 1,478 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 183 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 14 मरीज की मृत्यु हो गई है। तमिलनाडु में 1,477 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 411 ठीक हो गए हैं और 15 की वायरस से मृत्यु हो गई।

मध्यप्रदेश में 1,407 मामले सामने आए हैं, जिनमें 127 मरीज ठीक हुए और 70 मरीज मर गए। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में फिलहाल 1,084 COVID-19 सकारात्मक मामले दर्ज हुए हैं। बात केरल की करें जहां कोरोना का सबसे पहले मामला सामने आया था, वहां 402 में कोरोना वायरस पॉजिटिव आया है।

543 मौतों में से सबसे ज्यादा 223 मौतें महाराष्ट्र से हुईं, इसके बाद मध्य प्रदेश में 70, गुजरात (63), दिल्ली (45) और तेलंगाना में 18 मौतें हुईं। उत्तर प्रदेश में मौत का आंकड़ा 17 तक पहुंच गया जबकि पंजाब और कर्नाटक में 16-16 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 15-15 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में 14 मौतें हुई हैं। इस बीमारी से जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि केरल और हरियाणा में प्रत्येक में तीन COVID-19 मौतें दर्ज की गई हैं।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड और बिहार में दो-दो मौतें हुई हैं, जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक मौत हुई हैं। हालांकि, समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, देश में 565 लोगों की मौत COVID-19 से हो चुकी हैं।

Posted By: Nitin Arora

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts