Corona India LIVE: अबतक 20 की मौत, दूरदर्शन पर कल से शुरू होगा रामायण – अमर उजाला

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Fri, 27 Mar 2020 09:56 AM IST

कोरोना वायरस इन इंडिया
– फोटो : PTI

खास बातें


देशभर में गुरुवार को कोरोना वायरस से सात लोगों की मौत के साथ देश में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 20 हो गई है। यह एक दिन में देश में इस वायरस से मरने वालों की यह संख्या अबतक सबसे ज्यादा है। वहीं देशभर में 71 नए मामले दर्ज किए गए। इसी के साथ देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 700 के पार हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार देर रात तक संक्रमित मरीजों की संख्या 727 दर्ज की गई। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या छह बताई। मंत्रालय के मुताबिक अबतक 16 लोगों की मौत हुई है। जबकि 88 नए मामले आए हैं। मंत्रालय की ओर से संक्रमित मरीजों की संख्या 694 बताई जा रही है। पढ़िए भारत में कोरोना वायरस के सभी अपडेट… 

विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:37 AM, 27-Mar-2020

कल से टीवी पर फिर शुरू होगा रामायण

केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि जनता की मांग पर हम कल से ‘रामायण’ का पुनः प्रसारण शुरू कर रहे हैं। डीडी नेशनल पर रोज सुबह 9 से 10 बजे तक रामायण चलाई जाएगी। शाम को फिर 9 बजे से 10 बजे तक भी इसका प्रसारण होगा।

 

विज्ञापन

09:31 AM, 27-Mar-2020

बिहार में मिले दो नए मरीज, संक्रमितों की संख्या नौ हुई

बिहार में कोरोना वायरस पॉजिटिव को दो नए मामले सामने आए हैं। एक मरीज सिवान में दूसरा नालंद में मिला है। सिवान में मिला मरीज दुबई की यात्रा कर लौटा है। जबकि नालंदा में मिले मरीज की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमित मामलों की संख्या नौ हो गई है। राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरएमआरआई) के अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 

08:54 AM, 27-Mar-2020

पुणे में संक्रमित मरीजों की संख्या 32 हुई

महाराष्ट्र देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। पुणे में संक्रमित मरीजों की संख्या अबतक 32 हो गई है। इनमें से पांच मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।

 

08:24 AM, 27-Mar-2020

अंडमान में मिला दूसरा मरीज

अंडमान में कोरोना वायरस का दूसरा पॉजिटिव मामला सामने आया है। दूसरा मरीज पहले मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव चेतन संघी ने यह जानकारी दी।
 

08:02 AM, 27-Mar-2020

कोरोना: अबतक 20 की मौत, संक्रमित मरीजों की संख्या 700 पार, बिहार में मिले दो नए मरीज

महाराष्ट्र में चौथे मरीज की मौत, अब तक 124 मामले

  • महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उसकी 24 मार्च को मौत हो गई थी। 
  • महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। बृहस्पतिवार को दो नए मामले आने के साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या 124 पहुंच गई। 
  • इस बीच, डिप्टी सीएम अजीत पवार ने कहा कि सरकार पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों पर हमले को बर्दाश्त नहीं करेगी।

कर्नाटक में कोरोना से दूसरी मौत

  • कर्नाटक में कोरोना से दूसरी मौत हो गई है। 70 साल की उस महिला का टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसकी बुधवार को मौत हो गई थी। राज्य में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 55 हो गई है। 
  • स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री बी श्रीरामुलु ने बताया कि महिला चिकबलपुर जिले की रहने वाली थी और वह हाल में सऊदी अरब के मक्का से लौटी थी। 
  • इस बीच, सरकार ने किराये के मकान में रह रहे स्वास्थ्य कर्मियों को जबरन घर से बाहर निकाले जाने की खबरों को गंभीरता से लेते हुए मकान मालिकों को कड़ी चेतावनी दी है।

राजस्थान के भीलवाड़ा में बुजुर्ग की मौत

  • राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में कोरोना से संक्रमित एक बुजुर्ग की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। कोरोना से संक्रमित 73 वर्षीय व्यक्ति कोमा में था और किडनी फेल होने से उसकी मौत हो गई। 
  • राजस्थान में कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। राज्य में इसकी संख्या बढ़कर 40 हो गई।

यहां पढ़ें 26 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट

Related posts