Coronavirus: नागपुर के एक अस्पताल से फरार हुए कोरोना वायरस के पांच संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Publish Date:Sat, 14 Mar 2020 11:00 AM (IST)

मुंबई, एएनआइ। भारत में कोरोनावायरस के कई मामले सामने आने के बाद से ही मरीजों को अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इसी बीच नागपुर के मेयो अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से 5 कोरोना वायरस के संदिग्ध भाग गए हैं। इसके बारे में जानकारी देते हुए नागपुर पुलिस स्टेशन के उप-निरीक्षक एस सूर्यवंशी ने कहा कि इनमें से एक का वायरस के लिए परिणाम नेगिटिव आया था। हालांकि, अभी बाकी लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम इन सभी का पता लगाएंगे और वापस अस्पताल में लाया जाएगा। 

खबरों के अनुसार, ये घटना शुक्रवार देर रात की है। घटने के तुरंत बाद ही अलर्ट जारी कर मरीजों की खोजबीन की जा रही है।  पुलिस ने भी हाई अलर्ट कर पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है। दरअसल, नागपुर के इंदिरा गांधी गवर्न्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (मायो) में इन सभी को कोरोना की जांच के लिए निगरानी में रखा गया था। 

बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के कई मामले सामने आ गए हैं। देश में 83 मामलों की पुष्टि हो गई है। वहीं वायरस के कारण दो लोगों की मौत भी हो गई हैं। सबसे पहले कर्नाटक के एक बुजुर्ग की मौत हुई। इसके बाद दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकडों के अनुसार, अब तक 83 मामले हो गए हैं जिनमें से 8 मामले पिछले 24 घंटे के अंदर-अंदर दर्ज किए गए।

Posted By: Ayushi Tyagi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts