11 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद, दिल्ली में संदिग्ध या संक्रमित ने इलाज से इनकार किया तो एक्शन; सुप्रीम कोर्ट में केवल अर्जेंट हियरिंग होगी

नई दिल्ली.देश में कोरोनावायरस के मामलों की संख्या शुक्रवार को 81 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इसमें भारत के 64, इटली के 16 और कनाडा का एक व्यक्ति शामिल है। संक्रमण की आशंका के मद्देनजर 11 राज्यों उत्तरखंड, ओडिशा, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, मणिपुर, महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ में स्कूलों-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली और हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी और ओडिशा ने आपदा घोषित किया है। दिल्ली सरकार ने कहा कि अगर कोई संक्रमित या संदिग्ध इलाज से इनकार करता है तो उस पर एक्शन लिया जाएगा। संक्रमण की आशंका के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट में अब केवल अर्जेंट मामलों की ही सुनवाई होगी।

इस बीच, कोरोनावायरस से बुरी तरह प्रभावित ईरान से 44 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान शुक्रवार को मुंबई पहुंचा। इन सभी लोगों को आइसोलेशन में रखा जाएगा। ईरान के अलग-अलग प्रांतों में 6 हजार से ज्यादा नागरिक फंसे हुए हैं। सरकार इन्हें वापस लाने के प्रयास कर रही है।

इटली में फंसे छात्रों लाने जाएगा एयर इंडिया का विमान

एयर इंडिया ने शुक्रवार कोइटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका की उड़ानें 30 अप्रैल तक रद्द करने का फैसला लिया है। हालांकि, ईरान में फंसे भारतीयों को लाने के लिए विमान भेजा जाएगा।वहां 300 से ज्यादाभारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव रुबिना अली ने कहा कि एयर इंडिया का विमान इटली के मिलान में फंसे भारतीय छात्रों को लाएगा। यह विमान शनिवार दोपहर वहां से रवाना होगा और रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा।विदेश मंत्रालय के मुताबिक मिलान से 220 छात्रों को लाया जाएगा। मंत्रालय ने कहा है कि अगर और कोई छात्र वहां फंसे हो तो सरकार से संपर्क करें।

टेस्ट में निगेटिव पाए जाने पर 236 लोग डिस्चार्ज किए गए

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि सरकार अभी तक 42,296 यात्रियों की कॉम्युनिटी सर्विलांस के तहत जांच करवा चुकी है। इनमें से 2,559 लोगों में संक्रमण के लक्षण नजर आए थे। 522 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें 17 विदेशी नागरिक हैं।दूसरे चरण में जांच के बाद निगेटिव पाए जाने पर जापान से लाए गए 124 और चीन से लाए गए 112 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।यह समझना जरूरी है कि इपिडेमिक कानून लागू करनेका मतलब, स्वास्थ्य इमरजेंसी नहीं है। हम इस स्थिति से निपटने के लिए राज्यों की मदद कर रहे हैं।

मोदी की सार्क देशों से अपील- मिलकर कोरोना के खिलाफ रणनीति बनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है कि सार्क देशों के नेता मिलकर कोरोनावायरस से लड़ने के लिए मजबूत रणनीति बनाएं। हम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने नागरिकों को स्वस्थ रखने पर चर्चा कर सकते हैं। मोदी ने गुरुवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से भी फोन पर इस मुद्दे पर चर्चा की थी।

जम्मू में मेडिकल कॉलेज के बाहर लोगों को मास्क बांटते कार्यकर्ता।

आईपीएल 15 अप्रैल तक टाला गया
बीसीसीआई ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। पहले यह टूर्नामेंट 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोनोवायरस और विदेशियों के वीजा पर प्रतिबंध होने की वजह से बीसीसीआई ने फिलहाल इसे नहीं कराने का फैसला लिया है।

भारत-बांग्लादेश के बीच बस और ट्रेन सेवाएं 15 अप्रैल तक बंद

गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनिल मलिक ने कहा कि भारत-बांग्लादेश के बीच बस और ट्रेन सेवाएं 15 अप्रैल तक रोक दी गई है। भारत-नेपाल सीमा पर 4 चेकपोस्ट खुले रहेंगे। भूटान और नेपाल के लोगों के लिए वीजा फ्री एंट्री जारी रहेगा।

राज्यों में स्थिति
उत्तरखंड:
सरकार ने सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सभी होटलों को एडवाइजरी जारी की है। विदेशियों को ठहराने से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
ओडिशा: सरकार ने कोरोनावायरस को आपदा घोषित किया है। 31 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल बंद रहेंगे। सिर्फ परीक्षा के लिए स्कूल खोलने की छूट दी गई है। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल और जिम भी बंद रहेंगे। गैर-जरूरी सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस भी 31 मार्च तक नहीं होंगे। धार्मिक कार्यक्रमों, शादी, रिसेप्शन और पार्टी स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में होंगे। विधानसभा की कार्यवाही 29 मार्च तक स्थगित।
हरियाणा: हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। यह 1 साल की अवधि के लिए मान्य रहेगा। हरियाणा ऐसा करने वाला पहला राज्य है। रोहतक में कोर्ट ने प्राइमरी स्कूलों में 2 हफ्ते की छुट्‌टी करने के आदेश दिए हैं।
दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने भी कोरोना को महामारी घोषित किया है। यहां 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। जवाहरलाल नेहरू और जामिया यूनिवर्सिटी ने 31 मार्च तक सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं, लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप रद्द कर दिए हैं। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश: सरकार ने 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर परीक्षाएं चल रही हैं तो स्कूल बंद नहीं होंगे। अभी तक उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 11 मामले सामने आ चुके हैं।

मध्यप्रदेश: सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक,10वीं और 12वीं की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है।

बिहार: सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों के बंद रहने तक इनमें पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे- मील के पैसे उनके बैंक खाते में आएंगे। 22 मार्च को बिहार दिवस पर होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए गए।

जम्मू-कश्मीर: स्पोर्ट्स काउंसिल ने 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्‌टी रद्द कर दी है, जिससे मेडिकल सेवाएं बाधित नहीं हो।जम्मू के सभी शॉपिंग मॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजक क्लब तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे।
मणिपुर: स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। यहां शुक्रवार को होने वाला गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी रद्द किया गया। मणिपुर में म्यांमार सीमा से होने वाले व्यापार भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
केरल: सरकार ने विधानसभा की कार्यवाही 8 अप्रैल तक स्थगित की। एडवाजयरी जारी की गई।
महाराष्ट्र: सरकार ने स्कूलों में मास्क बांटने और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का ऐलान किया। पुणे और पिंपरी-चिंचवड में दो हफ्ते तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सभी मॉल, सिनेमा हॉल, पब, शादी समारोह और बड़े पैमान पर होने वाले गतिविधियों पर अगले एक सप्ताह तक रोक लगा दी है।गूगल के बेंगलुरु ऑफिस में एक कर्मचारी में कोरोनावायरस के लक्षण दिखाई दिए। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कंपनी ने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। राज्य में संक्रमण से पहली मौत हुई है। यहां मंगलवार को एक 75 वर्षीय संदिग्ध की मौत हो गई थी। गुरुवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोनावायरस पॉजिटिव बताया गया।
पंजाब: अटारी-वाघा बॉर्डर से आने वालों पर भी रोक लग गई। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों के अलावा अफगानिस्तान से माल लेकर आने वाले ट्रक ड्राइवर भी शामिल रहेंगे। यहां भी स्कूल-कॉलेज और सरकारी ऑफिसों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़: सरकार ने 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद किए। यहां दिल्ली से लौटी दो छात्राओं को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। हालांकि, इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए?

  • केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बाद बुधवार को यात्रा और वीजा से जुड़े प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के वीजा 13 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश के एयरपोर्ट्स पर विदेशों से आए 10 लाख 57 हजार 506 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
  • सामुदायिक निगरानी के लिए 35 हजार लोगों को तैनात किया गया है। संक्रमित लोगों को ट्रैक करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
  • 17 जनवरी को सबसे पहले 7 एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग शुरू की गई थी, जो अब बढ़ाकर 30 कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सांसदों से अपील की कि वे अपने चुनाव क्षेत्र में कोरोनावायरस को लेकर जागरूकता फैलाएं।
  • हर्षवर्धन के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस की जांच के लिए 51 लैब और 56 कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। 100 कोऑर्डिनेशन सेंटर हैं।
  • भारत सरकार ईरान में वैज्ञानिक, लैबोरेटरी और उपकरण भेजेगी। ईरान ने कहा था कि उनके पास जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
  • संक्रमितों के लिए 7 और क्वारेंटाइन सेंटर जैसलमेर, सूरतगढ़, झांसी, जोधपुर, देओलाली, कोलकाता और चेन्नई में बनाए गए।
  • सभी राज्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
राज्यों के लिए जारी हेल्प लाइन नंबर

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Bangalore Karnataka | Coronavirus India Death Toll Cases Latest Updates; Google Bengaluru, Karnataka Man Coronavirus Death, 120 Indian From Iran To Reach Jaisalmer Today

Coronavirus Bangalore Karnataka | Coronavirus India Death Toll Cases Latest Updates; Google Bengaluru, Karnataka Man Coronavirus Death, 120 Indian From Iran To Reach Jaisalmer Today

ईरान में फंसे 250 भारतीय 15 मार्च को निकाले जाएंगे।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts