Jyotiraditya Scindia Live: भाजपा कार्यालय में ज्योतिरादित्य सिंधिया का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताअों ने लगाए नारे – दैनिक जागरण

Publish Date:Thu, 12 Mar 2020 07:40 PM (IST)

भोपाल, एजेंसी। ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल होने के बाद आज पहली बार भोपाल पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद सिंधिया ने शहर में रोड शो किया। शाम 5 बजे एयरपोर्ट से शुरू हुआ 20 किलोमीटर लंबा रोड शो 6.30 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया और माधवराव सिंधिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

भाजपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंधिया का स्वागत किया। वे भाजपा कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वे ग्वालियर-चंबल संभाग से आए अपने समर्थकों से मुलाकात करेंगे। रोड शो के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय के दफ्तर के पास कांग्रेसियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की।

Joytiraditya Scindia LIVE 

_ ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने भोपाल में भाजपा कार्यालय में आयोजित स्‍वागत समारोह में अपने संबोधन में भाजपा नेताओं के साथ अपने संबंधों का उल्‍लेख किया।

– भाजपा कार्यालय में आयोजित सिंधिया के स्‍वागत समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन विशेष है। उन्‍होंने कहा कि गौरवशाली और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए भाजपा कार्यकर्ता राजनीति करते हैं। शिवराज ने भाजपा के पितृपुरुषों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि मोदीजी के नेतृत्‍व में संकल्‍प पूरा हो रहा है।

-भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ताेमर, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष वीडी शर्मा आदि नेताओं ने स्‍वागत किया।

-भाजपा कार्यालय भोपाल में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया।

-रोड शो के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा नेताअों ने किया जोरदार स्वागत।

– ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला भाजपा कार्यालय की अोर जा रहा है।

-भोपाल में जगह-जगह कार्यकर्ता कर रहे ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का स्‍वागत, विरोध प्रदर्शन का सिलसिला भी जारी। कार के ऊपर बैठकर रोड शो में लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं सिंधिया। स्‍वागत के लिए उमड़ रहे हैं कार्यकर्ता।

– भोपाल में रोड शो के दौरान सिंधिया को काले झंडे दिखाने जा रहे कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोशनपुरा चौराहे पर गिरफ्तार किया गया।

– सिंधिया के स्वागत में समर्थक अपने साथ ज्योतिरादित्य और उनके पिता माधवराव सिंधिया पोस्टर भी लाए हैं। सिंधिया एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक रोड शो कर रहे हैं। वे भाजपा कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

-भाजपा के कई बड़े नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगवानी करने पहुंचे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भाजपा छोड़ चुके पूर्व मंत्री सरताज सिंह भी शामिल थे।

– सिंधिया के रोड शो में हजारों की संख्या में लोग झंडा पोस्टर व नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। वे जगह-जगह लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं।

बता दें कि भाजपा कार्यालय में ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सिंधिया शुक्रवार 13 मार्च को दोपहर 12 बजे फिर से भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने विधानसभा जाएंगे। सिंधिया के भोपाल पहुंचने से पहले ही उनके समर्थकों को पूरे शहर को होर्डिंग से पाट दिया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए मध्य प्रदेश भाजपा कार्यालय में रेड कारपेट बिछाया गया है। साथ ही प्रदेश भाजपा कार्यालय को सजाया जा रहा है। वहीं कार्यालय में बड़ी संख्या में कुर्सियां लगाई गई हैं। एयरपोर्ट से ज्योतिरादित्य का काफिला प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेगा, जहां उनका स्वागत होगा।

Posted By: Sanjeev Tiwari

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts