Madhya Pradesh Political Crisis LIVE Updates: सीएम कमलनाथ ने दावा किया है कि उनके पास बहुमत है और चिंता की कोई बात नहीं है। कमलनाथ ने भाजपा पर बागी विधायकों को कैद करने का आरोप भी लगाया।
Madhya Pradesh Political Crisis LIVE Updates: ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भाजपा में शामिल हो सकते हैं। दोपहर 12 बजे उनके आधिकारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की खबर है। दूसरी तरफ सीएम कमलनाथ ने दावा किया है कि उनके पास बहुमत है और चिंता की कोई बात नहीं है। कमलनाथ ने भाजपा पर बागी विधायकों को कैद करने का आरोप भी लगाया।
वहीं भाजपा ने एहतियातन अपने सभी विधायकों को भोपाल से दिल्ली शिफ्ट कर दिया है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी विधायकों के साथ ही हैं।
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में दो सीटें फिलहाल रिक्त हैं। ऐसे में 228 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास मामूली बहुमत है। अगर 22 विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर लिये जाते हैं तो विधानसभा में सदस्यों की प्रभावी संख्या महज 206 रह जाएगी। उस स्थिति में बहुमत के लिये जादुई आंकड़ा सिर्फ 104 का रह जाएगा।
कांग्रेस के पास सिर्फ 92 विधायक रह जाएंगे, जबकि भाजपा के 107 विधायक हैं। कांग्रेस को चार निर्दलीयों, बसपा के दो और सपा के एक विधायक का समर्थन हासिल है। उनके समर्थन के बावजूद कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से दूर हो जाएगी।