MP Political Crisis: कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ी, कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने दिया इस्तीफा – दैनिक जागरण

Publish Date:Thu, 05 Mar 2020 10:15 PM (IST)

भोपाल, जेएनएन। कमलनाथ सरकार पर चार दिनों से छाए संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक दिन पहले थोड़ी राहत मिलने के बाद गुरवार को फिर सियासी संग्राम छिड़ गया। बेंगलुर भेजे गए कांग्रेस के तीन विधायक (बिसाहूलाल सिंह, रघुराज सिंह कंषाना और हरदीप सिंह डंग) और निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा के गुरुवार को भोपाल तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी लेकिन वे लौटे तो नहीं बल्कि सुवासरा से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति और मुख्यमंत्री कमलनाथ को भेज दिया है। वहीं हरदीप सिंह डांग के इस्तीफे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि डांग के इस्तीफे की जानकारी मिली है। मुझे अभी तक इससे संबंधित कोई पत्र नहीं मिला है और न ही इस मामले पर कोई चर्चा हुई है। जब तक मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिलूंगा, तब तक इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

इसके साथ ही कमलनाथ सरकार के भविष्य पर संकट और ज्यादा गहरा गया है। इससे पहले जिन कांग्रेस और सपा-बसपा विधायकों को दिल्ली से विशेष विमान से भोपाल लाया गया था, उन्होंने भी आज तीखे तेवर दिखाए। कांग्रेस को इन विधायकों ने चेतावनी दी कि वे अपने बयानों पर लगाम लगाएं, वरना अगली बार उन्हें रेस्क्यू का मौका भी नहीं मिलेगा। विधायकों के तेवर देखने से साफ झलक रहा है कि कमलनाथ सरकार पर छाया संकट के और ज्यादा गहराने आसार हैं।

कमलनाथ ने शुरु किया डैमेज कंट्रोल

संकट का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि राज्य सरकार ने पुलिस महानिदेशक वीके सिंह को हटाकर विवेक जौहरी को नया डीजीपी बना दिया है। सरकार पर बढ़े संकट के बाद एक बार फिर भाजपा पूरी तैयारी के साथ हमला बोल सकती है। इसी तैयारी के चलते पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले चौबीस घंटे से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और भाजपा के कुशल प्रबंधक माने जाने वाले वरिष्ठ नेता अरविंद भदौरिया सियासी संग्राम का मोर्चा संभालने बेंगलुर पहुंच गए हैं। उनके प्रयासों के बाद ही विधायकों के इस्तीफे की शुरुआत हो गई है। इधर, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है। नाराज विधायकों को वे खुद मना रहे हैं। सियासी उलझन के बीच उन्होंने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है।

फिर गड़बड़ाया विधानसभा में गणित

-विधानसभा में सदस्य संख्या 228

-114 सदस्यों वाली कांग्रेस के पास हरदीप का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद 113 सदस्य बचेंगे।

-यानी 227 सदस्यों वाले सदन में भाजपा अपने 107 और अन्य के समर्थन से 114 तक पहुंच सकती है।

-दो अन्य कांग्रेस विधायक अभी बेंगलुर में हैं। यदि उन्हें नहीं भी घटाया जाए तो कांग्रेस का संख्या बल 113 पर सिमट जाएगा।

-संभावना जताई जा रही है कि कुछ और कांग्रेस विधायक भी इस्तीफे दे सकते हैं, जिससे कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ सकती है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- नियमानुसार कार्यवाही करूंगा

इस संबंध में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि मुझे हरदीप सिंह डांग के इस्तीफे की खबर मिली है। उन्होंने मुझे व्यक्तिगत रूप से अपना इस्तीफा नहीं दिया है। जब वह अपना इस्तीफा मुझे सौंपेंगे तो मैं इसे नियमानुसार मानूंगा और आवश्यक कार्यवाही करूंगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस के नेता खुद परेशान

हरदीप सिंह डांग के इस्तीफे पर मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने कहा यह दर्शाता है कि कांग्रेस के वर्तमान राज्य सरकार में उनकी अपनी पार्टी के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। यह भ्रष्ट कांग्रेस सरकार की दयनीय स्थिति को दर्शाता है जो जल्द ही समाप्त होने जा रही है।

विधायकों ने कांग्रेस को दी चेतावनी

कांग्रेस जिन विधायकों की खरीद-फरोख्त किए जाने का आरोप भाजपा पर लगा रही थी, गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कैबिनेट मंत्री जीतू पटवारी व जयवर्धन सिंह को चेतावनी दे दी कि वे अपने नंबर बढ़ाने के लिए उटपटांग बयान न दें। बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री सुधर जाएं वरना अगली बार रेस्क्यू का मौका भी नहीं मिलेगा। समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला ने चेताया कि वे कमलनाथ सरकार को समर्थन दे रहे हैं, पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया तो प्रमाण दो, वरना राज्यसभा चुनाव में हमें क्या फैसला लेना हैं, हम तय करेंगे।

नौ विधायक ‘गायब’ हुए थे, सिर्फ पांच ही लौटे

इससे पहले मंगलवार देर रात राजनीतिक ड्रामा उस वक्त शुरू हुआ, जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस, बसपा और सपा के कुल नौ विधायक अचानक गायब हो गए। इनमें से पांच विधायकों को बुधवार देर रात भोपाल लाया गया। हालांकि, चार विधायकों की लोकेशन ट्रैक नहीं हो सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चार विधायक कांग्रेस के बिसाहूलाल, हरदीप सिंह डंग, रघुराज कंसाना और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा की लोकेशन नहीं मिल रही थी। अब इसमें से हरदीप सिंह डंग ने इस्तीफा दे दिया है।

Posted By: Sanjeev Tiwari

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts