रांची के बिरसा जू के बाड़े में कूदा युवक, बाघ ने मार डाला; मंजर देख अंदर तक कांप गए लोग – दैनिक जागरण

Publish Date:Wed, 04 Mar 2020 12:41 PM (IST)

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। राजधानी रांची के ओरमांझी के बिरसा जैविक उद्यान में बड़ा हादसा हुआ है। जू के बाड़े में कूदे एक युवक को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। युवक की मौत हो चुकी है। युवक की उम्र 30 साल के करीब बताई गई है। युवक के बाघ तक पहुंचने के दौरान यह घटना घटी है। जू के प्रहरियों के मुताबिक यह युवक बाघ के केज में कूद गया था। युवक के गर्दन पर बाघ के दांतों और पंजे के निशान मिले हैं। माना जा रहा है बाघ ने इस युवक को मार डाला।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंच गई है। शव को बाघ के बाड़े से निकालने की कोशिश जारी है। बाघ के केज में 15 फीट नीचे गड्ढा है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वह युवक पहले गड्ठा में उतरा और फिर बाघ की तरफ बढ़ गया। इसके बाद बाघ ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गई। बाघिन का नाम अनुष्‍का बताया गया है। युवक की पहचान की कोशिश जारी है।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघ के बाड़े के पास सैंकड़ों लोग जुट गए हैं। चिडि़याघर के अधिकारी, कर्मचारी और वन विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुंच गए हैं। बिरसा जू को फिलहाल सील कर दिया गया है। सभी लोगों को यहां से बाहर निकाल दिया गया है। युवक के शव को बाड़े से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। विस्‍तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।

यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ…

Posted By: Alok Shahi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts