एलपीजी के दामों में हुई कटौती; जानिए अब क्या होगी आपके शहर में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत

देश की राजधानी दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला 14.2 किलो का रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर 53 रुपये सस्ता हो गया है।Reuters

केंद्र सरकार ने होली के त्योहार से पहले रविवार को रसोई गैस की कीमतों में कटौती की है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। देश की राजधानी दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला 14.2 किलो का रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर 53 रुपये सस्ता हो गया है।

दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नै में बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम घटकर क्रमश: 805.50 रुपये, 839.50 रुपये, 776.50 रुपये और 826 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है। चारों महानगरों में 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर के दाम में क्रमश: 53 रुपये, 56.50 रुपये, 53 रुपये और 55 रुपये की कटौती की गई है।

इससे पहले, दिल्ली विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद 12 फरवरी 2020 को बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद चारों महानगरों में एलपीजी सिलेंडर का दाम क्रमश: 858.50 रुपये, 896 रुपये, 829.50 रुपये और 881 रुपये हो गया था।

पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलो वाले एलीपीजी सिलेंडर के दाम में भी कटौती की है। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नै में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर क्रमश: 84.50 रुपये, 90.50 रुपये, 85 रुपये और 88 रुपये सस्ता हो गया है।

चारों महानगरों में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर का दाम घटकर क्रमश: 1,381.50 रुपये, 1,450 रुपये, 1,331 रुपये और 1,501.50 रुपये हो गया है। होली के त्योहार से पहले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कटौती किए जाने से आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।

बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत

  • शहर                                    कीमत
  • दिल्ली                                  805.50 रुपये
  • मुंबई                                    776.50 रुपये
  • कोलकाता                            839.50 रुपये
  • चैन्नै                                      826 रुपये
  • पटना                                   909 रुपये
  • गया                                     908.50 रुपये
  • लखनऊ                               841 रुपये
  • गुड़गांव                                811 रुपये
  • गाजियाबाद                          801 रुपये
  • फरीदाबाद                           801 रुपये
  • नोएडा                                  801 रुपये
  • रांची                                    868.50 रुपये
  • बोकारो                                868.50 रुपये
-
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधानIANS

बीती 19 फरवरी को पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मार्च में सिलेंडर के दामों में कमी से संकेत दिए थे। फरवरी में बढ़ाई गई सिलेंडर की कीमत पर उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की वजह से यह दाम बढ़ाए गए हैं। बताते चलें कि पिछले साल अगस्त के बाद से 6 बार रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने के बाद यह पहली बड़ी कटौती है। दरअसल अगस्त 2019 से लेकर फरवरी 2020 तक एलपीजी सिलेंडर के दामों में 6 बार बढ़ोतरी की गई। यह बढ़ोतरी करीब 50 फीसदी तक रही।

गौरतलब है कि भारत सरकार रसोई गैस के हर कनेक्शन पर एक साल में 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी देती है। 12 सिलेंडर के बाद उपभोक्ताओं को बाजार दर से सिलेंडर (बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर) खरीदना होता है। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से गैस सिलेंडर की कीमतें तय करती हैं, लिहाजा इसके दाम में उतार-चढ़ाव होते रहता है।

साभार : यह लेख मूल रूप से समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया है. यह मूल लेख का हिंदी अनुवाद है.

Source: DainikBhaskar.com

Related posts