60 साल पहले आगरा में खुली कार में घूमे थे आइजनहॉवर, क्लिंटन के लिए फुटपाथ तक खाली करा लिया था

नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज से दो दिन के भारतदौरे पर हैं। सोमवार शाम ट्रम्प अपनीपत्नी मेलानिया के साथ आगरा के ताजमहल देखने भी जाएंगे। ट्रम्प अमेरिका के तीसरी राष्ट्रपति होंगे, जो ताजमहल देखने जाएंगे। उनसे पहले 1959 में ड्वाइट आइजनहॉवर और 2000 में बिल क्लिंटन आगरा जा चुके हैं। ट्रम्प की सिक्योरिटी के लिए आगरा में भी खास इंतजाम किए गए हैं। लेकिन 60 साल पहले जब आइजनहॉवर आगरा आए थे, तब वे वहां खुली कार में ही तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के साथ घूमे थे। उनके साथ उस वक्त भारत और अमेरिका के चुनिंदा सुरक्षाकर्मी ही थे। फिर जब बिल क्लिंटन ताजमहल गए तब आगरा की सड़कें और फुटपाथ तक खाली करा लिए गए थे।

दिल्ली में खुली जीप में घूमे थे आइजनहॉवर, आगरा में खुली कार में
आइजनहॉवर भातर आने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे। वे 9 से 14 दिसंबर 1959 को 6 दिन के दौरे पर भारत आए थे। ऐसा कहा जाता है कि आइजनहॉवर के स्वागत में दिल्ली की सड़कों पर 10 लाख लोग उमड़े थे।आइजनहॉवर जब भारत आए थे तो नेहरू ने ‘प्रिंस ऑफ पीस’ कहकर उनका स्वागत किया था। भारत आते ही वे राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के साथ खुली जीप में घूमे। दौरे में उन्होंने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। इसके बाद आगरा दौरे पर गए, तब भी उन्होंने खुली कार में पंडित नेहरू के साथ सफर किया। आइजनहॉवर के लिए कैडिलेक कार आई थी। जब वे दिल्ली और आगरा की सड़कों से निकले तो दोनों ओर लोग उनके स्वागत में खड़े थे। इतिहास पर अच्छी पकड़ रखने वाले पंडित नेहरू ने ही उन्हें ताजमहल की स्थापत्यकला और उसके बनने की कहानी के बारे में बताया था।

नेहरू ने कहा था- बड़े देश के राष्ट्रपति हैं, खेती में हमारी मदद करने आए हैं
आइजनहोवर और नेहरू एक ही हेलिकॉप्टर में आगरा से 13 किलोमीटर दूर स्थित बिछपुरी गांव पहुंचे थे। गांव के अंदर का रास्ता पूरी तरह कच्चा था। कई जगह कीचड़ भी था। दोनों नेताओं ने इसकी परवाह नहीं की। जब दोनों गांव पहुंचे तो कुछ ही फीट की दूरी पर 300 ग्रामीणों को बैठाया गया था। तब ग्रामीणों को नहीं पता था कि आइजनहॉवर कौन हैं। नेहरू ने उनका परिचय दिया था। कहा था- ये बड़े देश के राष्ट्रपति हैं। हमारे मुल्क में आए हैं। अमेरिका हमारी मदद कर रहा है खेती के मामले में पैदावार बढ़ाने के लिए। हम और आप इनका स्वागत करते हैं।’

2000 में बिल क्लिंटन आगरा आए, तो शहर की आधी सड़कें खाली हो करा ली गईं
आईजनहॉवर के आगरा दौरे के 40 साल बाद अमेरिका के 42वें राष्ट्रपति बिल क्लिंटन यहां आए। वे 19 से 25 मार्च 2000 तक भारत दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली, आगरा, जयपुर, हैदराबाद और मुंबई का दौरा भी किया था। बिल क्लिंटन अपनी बेटी चेल्सी के साथ ताजमहल गए थे। उनके दौरे के लिए आगरा की आधी से ज्यादा सड़कों को खाली करा लिया गया था। उनकी सुरक्षा में 5 हजार से ज्यादा कॉन्स्टेबल, पैरामिलिट्री फोर्स की 22 कंपनियां, रेपिड एक्शन फोर्स के जवान भी तैनात थे। जहां-जहां से क्लिंटन गुजरे, वहां फुटपाथ पर भी लोगों को चलने की मनाही थी।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


us prsident donald trump third us president who visir agra taj mahal after dwight eisenhower and bill clinoton

Source: DainikBhaskar.com

Related posts