मध्यप्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन के विमान में आई खराबी, बड़े हादसे का शिकार होने से बचे

Publish Date:Sat, 15 Feb 2020 02:12 PM (IST)

भोपाल, जेएनएन। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन हादसे का शिकार होते-होते बच गए। दरअसल, उन्हें जबलपुर लेकर जाने वाला विमान में खराबी आ गई थी। विमान स्टेट हैंगर पर वह उड़ान भरने के लिए जैसे ही दौड़ा उड़ने के पहले ही झटके के साथ बंद हो गया। 
विमान में यदि उड़ान भरने के बाद खराबी आती तो बड़ी दुर्घटना को टालना मुश्किल हो सकता था। जैसे ही राज्यपाल और उनके स्टाफ को इस बात की जानकारी हुई उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया। बता दें कि 
राज्यपाल टंडन सुबह पौने आठ बजे राजभवन से अपने स्टाफ के साथ जबलपुर जाने के लिए स्टेट हैंगर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें सुबह 9 बजे जबलपुर पहुंचकर उपराष्ट्रपति का स्वागत करना था। लेकिन विमान में खराबी आने के कारण वह जबलपुर नहीं पहुंच पाए।
विमान में कई अधिकारी थे मौजूद 
राज्यपाल के साथ उनके विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी संजय चौधरी, एडीसी राना के अलावा एक सहायक जबलपुर जाने के लिए विमान में बैठ चुके थे। राज्यपाल जब स्टेट हैंगर पहुंचे तब विमान का इंजन स्टार्ट था, राज्यपाल टंडन के सवार होने के बाद विमान ने उड़ान भरने के लिए रनवे पर दौड़ लगा दी लेकिन, कुछ दूर चलने के बाद अचानक ही वह झटके से बंद हो गया।

मरम्मत के बाद भी स्टार्ट नहीं हुआ विमान
 विमान के पायलट और क्रू दल ने कुछ देर तक मरम्मत करने का प्रयास किया, लेकिन विमान दोबारा स्टार्ट ही नहीं हुआ। करीब आधा घंटे तक राज्यपाल विमान में बैठे रहे, अंत में यह तय किया गया कि दूसरे साधन से जबलपुर पहुंचना संभव नहीं है। इसलिए वह विमान से उतरकर वापस राजभवन लौट आए। 
बड़ा हादसा टला 
राज्यपाल टंडन खुद इस बात से हैरान थे कि विमान में यदि उड़ान भरने के बाद खराबी आती तो विमान बड़े हादसे का शिकार हो जाता। पायलट और विमानन विभाग के अधिकारियों ने भी दुर्घटना टलने पर राहत की सांस ली।
Posted By: Ayushi Tyagi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Source: Jagran.com

Related posts

Leave a Comment